नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के मोहल्ला बिसातियान में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला के घर पहुंचकर गाली-गलौज, अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का भी दावा किया गया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
मोहल्ला बिसातियान निवासी सुषमा पत्नी रमेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसके पड़ोसी नितिन का किसी व्यक्ति से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। उस दौरान उसके पति ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। आरोप है कि तभी से नितिन उसके परिवार से रंजिश रखने लगा और आए दिन विवाद करता रहता है। महिला का आरोप है कि दो जून की शाम करीब साढ़े पांच बजे नितिन अपने साथ विशाल और मुकेश को लेकर उसके घर पहुंचा। तीनों कथित रूप से शराब के नशे में थे। आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए खींचतान की। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने इतनी अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया कि वह उसे बयान भी नहीं कर सकती। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों का ध्यान मौके की ओर गया। महिला का दावा है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी फुटेज उसके पास सुरक्षित है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर गए। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। कोतवाली पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जाएगी।

