नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते ई-रिक्शा की बैटरी अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। बैटरी फटते ही ई-रिक्शा में आग लग गई और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि चालक और सवारियां समय रहते वाहन से उतर गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला आलकला निवासी इरफान रोजाना की तरह अपनी ई-रिक्शा लेकर घर से निकला था। बताया जाता है कि जैसे ही वह मोहल्ला अलखुर्द स्थित गुर्जरों वाले बारात घर के निकट पहुंचा, तभी ई-रिक्शा में लगी बैटरी से अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके के साथ बैटरी फट गई और वाहन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते ई-रिक्शा में आग लग गई।
घटना के दौरान ई-रिक्शा में कुछ सवारियां भी बैठी हुई थीं। धमाके की आवाज सुनते ही चालक और सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग तत्काल वाहन से उतरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। आसपास मौजूद लोगों ने भी दौड़कर मदद की और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि बैटरी फटने के बाद आग तेजी से फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि समय रहते सभी लोगों के सुरक्षित निकल जाने से जनहानि नहीं हुई। घटना में ई-रिक्शा को नुकसान पहुंचा है।इस घटना के बाद क्षेत्र में ई-रिक्शा चालकों के बीच बैटरियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि समय-समय पर बैटरियों की जांच और रखरखाव कराया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

