
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाज़ियाबाद । लोनी क्षेत्र में एक पत्रकार पर ऑटो चालकों से अवैध वसूली करने और धमकाने का आरोप लगा है। पीड़ित चालकों — राजवीर सिंह, अनुज गुप्ता और रहीसुद्दीन — ने डीसीपी ग्रामीण अंकुर बिहार को दी शिकायत में बताया कि आरोपी संतोष चौहान खुद को इंडिया न्यूज़ का प्रतिनिधि बताकर उनसे ₹3,000 प्रति ऑटो मासिक “सुविधा शुल्क” की मांग करता है।
आरोप है कि रकम न देने पर वह ट्रैफिक पुलिस से उनके ऑटो जब्त कराने की धमकी देता है और कई बार ऐसा कर भी चुका है। चालकों ने बताया कि 1 अक्टूबर को गढ़ी कटिया गांव के पास हुई बातचीत के दौरान ₹1,500 की रकम आरोपी को दी गई थी। उनके पास इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
पीड़ितों ने एसीपी से आरोपी पत्रकार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में कुछ लोग फर्जी पहचान बनाकर पत्रकारिता की आड़ में उगाही कर रहे हैं, जिससे लोनी की पत्रकारिता की साख पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।



