मैनपुरी
मैनपुरी सुदिती ग्लोबल एकेडमी में “मिशन शक्ति 5.0” के तहत हेड गर्ल प्रीति यादव बनीं एक दिन की प्रधानाचार्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मैनपुरी – उत्तर प्रदेश सरकार के ’“मिशन शक्ति 5.0”’ अभियान के अंतर्गत सुदिती ग्लोबल एकेडमी, मैनपुरी में छात्राओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल की गई। विद्यालय की हेड गर्ल प्रीति यादव (कक्षा 12) को एक दिन के लिए विद्यालय की ’प्रधानाचार्य’ के रूप में नियुक्त किया गया। प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. राम मोहन एवं प्रशासनिक प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम मोहन ने प्रतीकात्मक रूप से प्रीति यादव को प्रधानाचार्य का दायित्व सौंपा। इसके बाद प्रीति यादव ने दिनभर विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों का अवलोकन किया तथा शिक्षण, अनुशासन, और कार्यालयी गतिविधियों से संबंधित कार्यों में भाग लिया। उन्होंने शिक्षकों के साथ बैठक कर विद्यालय की दैनिक गतिविधियों की समीक्षा की और छात्रों के अनुशासन एवं शिक्षण गुणवत्ता पर सुझाव दिए।इस दौरान प्रीति यादव ने कहा कि ’“एक दिन के लिए प्रधानाचार्य बनना मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का अनुभव रहा। आज मुझे समझ आया कि एक संस्था का संचालन कितनी जिम्मेदारी और धैर्य की मांग करता है। मैं सभी शिक्षकों और प्रधानाचार्य महोदय की मेहनत की सराहना करती हूँ।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राम मोहन ने कहा कि ’“बालिकाओं को अवसर देने से उनमें आत्मविश्वास का संचार होता है और वे समाज की सशक्त आवाज बनकर उभरती हैं। प्रीति यादव का यह अनुभव निश्चित रूप से उन्हें भविष्य में एक बेहतर और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।”
प्रशासनिक प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम मोहन ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ’“मिशन शक्ति का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। सुदिती ग्लोबल एकेडमी,मैनपुरी सदैव ऐसे अवसर उपलब्ध कराती है, जिनसे छात्राएँ नेतृत्व और निर्णय लेने की कला सीख सकें।”
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों और छात्राओं ने भी प्रीति यादव का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिसर में ’“मिशन शक्ति 5.0”’ के तहत यह आयोजन नारी सशक्तिकरण का एक जीवंत उदाहरण बन गया, जिसने छात्राओं में आत्मबल और नेतृत्व भावना को नई दिशा दी।



