गाजियाबाद
लोनी की ऐतिहासिक धरोहर बागराणाप पर दबंगों का कब्जा जारी, प्रशासन मौन
भू-माफियाओं की नजर पड़ी पौराणिक तालाब पर, कई बार की शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कोई कार्यवाही

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद) : लोनी क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर बाग“राणाप” आज भू-माफियाओं के कब्जे की चपेट में है। यह स्थल, जो कभी अपनी पौराणिकता और सांस्कृतिक महत्ता के लिए जाना जाता था, अब धीरे-धीरे दबंग तत्वों द्वारा कब्जे में लिया जा रहा है। स्थानीय समाजसेवक और सेक्यूलर इंकलाब पार्टी के प्रमोद गोस्वामी व सत्यवीर गिरि ने इस पर अपनी गहरी चिंता जताई है।
प्रमोद गोस्वामी के अनुसार, इस मामले की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और एसडीएम लोनी से की जा चुकी है। यहां तक कि पार्टी द्वारा उपजिलाधिकारी को लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि इस तरह ऐतिहासिक स्थलों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे होते रहे, तो भारतीय संस्कृति और इतिहास की धरोहरें धीरे-धीरे समाप्त हो जाएंगी। “राणाप का यह बाग और तालाब हमारी पहचान हैं। इन्हें बचाना सरकार और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है,” प्रमोद गोस्वामी ने कहा।
जानकारी के अनुसार, लोनी क्षेत्र में कई सरकारी ज़मीनों पर इसी तरह भू-माफिया लगातार कब्जा करते जा रहे हैं। उच्च न्यायालय भी सरकारी संपत्तियों पर कब्जे को लेकर कई बार अपनी नाराज़गी जता चुका है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्यवाही का अभाव बना हुआ है जिसने स्थिति को और गंभीर बना रहा है।
प्रमोद गोस्वामी ने उपजिलाधिकारी लोनी से मुलाकात कर पौराणिक तालाब के संरक्षण और पुनः उसके ऐतिहासिक स्वरूप को बनाए रखने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही कार्यवाही नहीं हुई, तो सेक्युलर इंकलाब पार्टी इस मुद्दे को जन आंदोलन के रूप में उठाने पर मजबूर होगी।




