गाजियाबाद

दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे भराई और सड़क मरम्मत कार्य का शुभारंभ

जनता ने जताई खुशी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से खराब पड़ी सड़क के गड्ढों की भराई और मरम्मत कार्य का शुभारंभ बुधवार को किया गया। यह कार्य विधायक निधि से स्वीकृत चालीस लाख रुपये की धनराशि से कराया जा रहा है। मरम्मत कार्य की शुरुआत शिव विहार मेट्रो स्टेशन से की गई।
कार्य प्रारंभ होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की बदहाली के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में जलभराव ने स्थिति को और भी दयनीय बना दिया था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग लोनी से दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। खराब सड़क और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
इस मरम्मत कार्य को लेकर लोनी डिपो से लेकर पुस्ता पुलिस चौकी तक के हिस्से में फिलहाल गड्ढे भरने और सड़क की सतह सुधारने का काम किया जाएगा। बाद में आवश्यकतानुसार डामरीकरण (री-लेयरिंग) का कार्य भी कराया जा सकता है।
सड़क मरम्मत को लेकर लोनी में पिछले कई महीनों से आपस में राजनीतिक बयानबाजी भी चल रही थी। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रंजीता धामा और विधायक नंदकिशोर गूर्जर के बीच इस मार्ग की खराब स्थिति को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी था। जनता के बढ़ते दबाव और मीडिया-सोशल मीडिया पर इस मुद्दे के उछलने के बाद आखिरकार सड़क सुधार का कार्य शुरू हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक नंदकिशोर गूर्जर का आभार जताते हुए कहा कि इस मार्ग के सुधरने से अब आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। लोगों ने उम्मीद जताई है कि यह कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाएगा ताकि आने वाले वर्षों तक सड़क मजबूत बनी रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button