गोड्डा
महागामा में जेंडर समानता को लेकर कार्यक्रम के तहत अभियान आयोजित
- छात्राओं ने दी सामाजिक जागरूकता की मिसाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। आईसीआरडब्ल्यू द्वारा संचालित कार्यक्रम के चौथे चरण के तहत महागामा प्रखंड क्षेत्र के बनारसी देवी कन्या उच्च विद्यालय, महागामा में जेंडर आधारित भेदभाव, हिंसा और बाल विवाह पर केंद्रित स्कूल कैम्पेन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद हिदायत अली ने की। इस दौरान विद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। छात्राओं ने चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, भाषण और अनुभव साझा करने जैसी गतिविधियों के माध्यम से समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव, दहेज प्रथा, हिंसा और बाल विवाह जैसे कुप्रथाओं के खिलाफ सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चियों ने बाल विवाह पर लघु नाटक प्रस्तुत कर समाज को यह संदेश दिया कि ऐसी कुप्रथाएं न केवल लड़कियों के अधिकारों को छीनती हैं बल्कि उनके भविष्य को भी अंधकारमय बनाती हैं। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा और हिंसा जैसे विषयों पर रचनात्मक चित्र बनाकर अपनी सोच और विरोध को अभिव्यक्त किया। शिक्षकों ने भी बच्चों को संबोधित करते हुए भेदभाव और बाल विवाह की बुराइयों पर अपने विचार रखे और GEMS अभियान के उद्देश्यों के बारे में बताया। इस अभियान को सफल बनाने में विद्यालय की नोडल शिक्षिका रोज़ लिली मुर्मू, गंगेश कुमार गुंजन, कासिम आलम, रितु गुप्ता और संतोष कुमार सहित कई शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मोहम्मद हारुन रशीद ने कार्यक्रम में कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में बदलाव लाने का सशक्त माध्यम हैं। इन अभियानों से बच्चों में जागरूकता बढ़ेगी और वे भविष्य में समाज को सही दिशा देंगे। कार्यक्रम में आईसीआरडब्ल्यू के प्रतिनिधि मुन्ना कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि गोड्डा जिले के चार प्रखंडों गोड्डा, महागामा, पथरगामा और पोड़ैयाहाट के 136 विद्यालयों में इस अभियान को चलाने की योजना है। अब तक लगभग 100 विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।




