बालाघाट
विधायक गौरव पारधी ने नगर परिषद कटंगी को की ट्रैक्टर एवं ट्रॉली प्रदान
विकास कार्यों को गति देने की दिशा में विधायक का सराहनीय कदम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कटंगी। नगर के विकास कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विधायक गौरव सिंह पारधी ने अपनी विधायक निधि से नगर परिषद कटंगी को एक ट्रैक्टर एवं ट्रॉली प्रदान की। एक संक्षिप्त पूजन कार्यक्रम के बाद ट्रैक्टर एवं ट्रॉली नगर परिषद को सौंपे गए। इनका उपयोग नगर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों में किया जाएगा, जिससे नगर परिषद को कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
विधायक गौरव सिंह पारधी ने इस अवसर पर कहा कि नगर के विकास से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करना जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधायक निधि का उपयोग जनता के हित में और नगर की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप किया जा रहा है। कटंगी नगर में सड़क निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अनेक कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
*नगर परिषद और नागरिकों ने विधायक के प्रयास के लिए किया आभार व्यक्त*
नगर परिषद एवं स्थानीय नागरिकों ने विधायक गौरव सिंह पारधी के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके इस कदम को नगर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष धर्मकला देशमुख, पार्षद रहमान अंसारी, दीपक नागमोसे, एसडीएम कीर्ति ठाकुर, उपयंत्री राजेश चौकसे, मेष देशमुख, अजय मेश्राम, कामराज देशमुख, मुकेश चौकसे, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी गण एवं स्थानीय नागरिकगण उपस्थित रहे।



