
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। बीते शनिवार को अपर समाहर्ता, पाकुड़ जेम्स सुरीन की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में जिला बाल श्रम टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल श्रम की रोकथाम, बचाव एवं पुनर्वास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। टास्क फोर्स की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। अपर समाहर्ता ने कहा कि बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसके उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि बाल श्रम की रोकथाम हेतु जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए ताकि आमजन इस मुहिम से जुड़ सकें और बच्चों को श्रम से मुक्त कर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



