नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम धुरवारा में स्थित बजरंग बली मंदिर को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर के परिसर में रखी दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी पार कर दी। घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई जब मंदिर के सेवादार पूजा-अर्चना के लिए वहां पहुंचे। मंदिर की देख-रेख करने वाले 70 वर्षीय रामदयाल पटेल ने बताया कि वे रोज की तरह सोमवार सुबह करीब 5 बजे मंदिर में सफाई और पूजा के लिए गए थे। वहां उन्होंने देखा कि दान पेटी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने पेटी में रखे लगभग 1500 रुपये (सिक्के और कुछ नोट) वहीं छोड़ दिए और बाकी बड़ी राशि लेकर फरार हो गए। पीडि़त की तहरीर पर मड़ावरा पुलिस ने सोमवार रात 10.12 बजे अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रामदयाल पटेल ने अपनी शिकायत में कहा है कि चोरी हुए रुपयों की सही जानकारी जुटाकर वे जल्द ही पुलिस को सूचित करेंगे।



