धार्मिक आस्था के रंग में रंगा लोनी, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने उमड़े हजारों श्रद्धालु
छठ महापर्व पर घाटों पर दिखा आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम, छठी मइया के गीतों से गूंजा पूरा क्षेत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को लोनी क्षेत्र में धार्मिक आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शाम के समय अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही संध्या पूजा का मुख्य अनुष्ठान पूरे श्रद्धाभाव और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। लोनी के विभिन्न छठ घाटों, संतनगर ,यमुना किनारे, ट्रॉनिका सिटी, अंकुर विहार, पूजा कॉलोनी सहित अनेक क्षेत्रों में बनाए गए अस्थायी एवं कृत्रिम जलकुंडों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चारों ओर छठी मइया की जय-जयकार और पारंपरिक लोकगीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
दोपहर बाद से ही लोनी की विभिन्न कॉलोनियों और मोहल्लों से व्रती महिलाएं एवं पुरुष अपने परिवार के सदस्यों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में पूजा सामग्री लेकर घाटों की ओर रवाना होते दिखाई दिए। सिर पर बांस की टोकरी और हाथों में पूजा के सूप लिए श्रद्धालुओं के साथ ढोल-नगाड़ों की धुन ने पर्व की धार्मिक महत्ता को और भी आकर्षक बना दिया। स्थानीय छठ पूजा समितियों और नगर पालिका परिषद लोनी के सहयोग से प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, टेंट, रंगोली तथा आकर्षक विद्युत सजावट की व्यवस्था की गई थी। घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच सामाजिक एकता, पारिवारिक परंपरा और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।
डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
छठ महापर्व के तीसरे दिन 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पालन कर रहे व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद बांस के सूप में ठेकुआ, गन्ना, नारियल, केला, सिंघाड़ा, सुथनी और विभिन्न मौसमी फलों सहित पारंपरिक पूजन सामग्री सजाकर अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। व्रतियों ने छठी मइया और भगवान सूर्य से परिवार की खुशहाली, संतान की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और समाज में सुख-शांति बनाए रखने की कामना की।
आस्था के साथ सेवा और व्यवस्था में जुटे रहे लोग
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छठ पूजा समितियों के पदाधिकारी और स्वयंसेवक लगातार व्यवस्थाएं संभालते नजर आए। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से प्रमुख घाटों और मार्गों पर सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। स्थानीय लोगों ने भी पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग दिया।
उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन
छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का समापन होगा और व्रती पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठ पूजा में अस्त होते और उगते सूर्य दोनों की उपासना का विशेष महत्व है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, पवित्रता और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना का प्रतीक माना जाता है। लोनी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर साबित किया कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और अटूट धार्मिक आस्था का भी प्रतीक है। प्रवासी समुदाय व वार्ड संख्या 33 के सभासद रामनिवास त्रिपाठी लगातार व्यवस्थाओं को सही ढंग से क्रियान्वित करते हुए नजर आए।

