गाजियाबाद
लोनी में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
सड़क पर कूड़ा फैलाने वालों पर जुर्माना – व्यापारियों में मचा हड़कंप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। प्रदेश सरकार के स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के तहत लोनी में आज नगरपालिका परिषद ने सख्त एक्शन लिया। अतिक्रमण प्रभारी एवं नोडल अधिकारी संजय कुमार अवाना, जो कि नगर पालिका लोनी के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर भी हैं, उनके नेतृत्व में नगरपालिका टीम ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी वालों और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। टीम ने सड़क पर कूड़ा फैलाने और सफाई व्यवस्था बिगाड़ने वालों से मौके पर ही ₹3800 का जुर्माना वसूला।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार जहां एक ओर “स्वच्छ भारत अभियान” को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं कुछ लोग सड़क के किनारे अपनी ठेलियों और दुकानों के आस-पास गंदगी फैलाकर इस अभियान की भावना को ठेस पहुंचा रहे हैं।
नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने ऐसे अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर कार्यवाही करने की चेतावनी दी और कहा कि अगर दोबारा रेहड़ी-पटरी के पास गंदगी मिली तो उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
इस कार्रवाई से लोनी तिराहे पर हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने सामान को सड़क से हटाकर दुकानों के अंदर रखा। स्थानीय नागरिकों ने नगरपालिका की इस कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि इससे शहर में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था दोनों में सुधार आएगा।
नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि लोनी की सड़कों को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके ।




