ललितपुर
बागपत के स्कूल प्रबंधक से रंगदारी मांगने का मामला
जेल में बंद कुख्यात हिस्ट्रीशीट से मोबाइल बरामद

डीएम-एसपी ने किया कारागार का निरीक्षण, पूछताछ
एफआईआर दर्ज कर प्रत्येक पहलू की होगी जांच : एसपी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जेल में बंद शातिर बदमाश द्वारा बागपत में संचालित स्कूल के प्रबंधक से फोन पर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले से हड़कम्प मच गया। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश व पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने जिला कारागार पहुंच कर गहनता से पड़ताल की। सुबह से दोपहर तक चली गहन पड़ताल के बाद जेल से पुलिस ने फोन बरामद कर लिया है। प्रकरण की लगातार निगरानी डीआईजी जेल प्रदीप गुप्ता करते रहे।
बताया गया है कि ललितपुर जिला कारागार में निरूद्ध बागपत के थाना दोघट अंतर्गत ढिकौली गांव में रहने वाला ज्ञानेन्द्र ढाका ने बागपत स्थित भड़ल गांव के सीबीएसएम पब्लिक स्कूल के प्रबंधक कृष्णपाल राणा से फोन कर बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुये जान से मारने की धमकी दी। यह खबर के प्रकाश में आते ही ललितपुर में हड़कम्प मच गया। घटना की सूचना मिलने पर सुबह ही जिलाधिकारी सत्य प्रकाश व पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक जिला कारागार पहुंच गये। दोपहर तक जेल के अंदर ही गहनता से पड़ताल की गयी। ऐसा बताया जा रहा है कि पुलिस ने कारागार से फोन भी बरामद किया है, जिससे रंगदारी मांगी गयी थी। हालांकि इस घटना के बाद से कई ज्वलन्त सवाल भी उठ खड़े हुये हैं। जेल सुरक्षा को लेकर भी यह सवाल उठ रहा है कि कारागार के अंदर फोन पहुंचा कैसे ?
इनका कहना है
प्रकरण की जांच की जा रही है। कहा कि जेल प्रशासन द्वारा एक तहरीर दी गयी है, जिसमें रंगदारी मांगने में उपयोग हुये फोन को बरामद किया गया है। रंगदारी मांगने के मामले में बागपत के दोघट थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है। चार माह से ज्ञानेन्द्र ढाका जेल में निरूद्ध है। प्रकरण की गहनता से जांच करायी जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज की जायेगी। फोन जेल में जाने के गंभीर मामले में जो भी जांच में दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। तीन लोग अंदर लड़े भी है, जिसमें एक चम्मच बरामद की गयी है।
मो.मुश्ताक, एसपी ललितपुर
यह था पूरा मामला
बागपत जिले के ग्राम भडल निवासी कृष्णपाल राणा पुत्र स्व.विजय सिंह ने थाना दोघट पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 4 नवम्बर 2025 की रात करीब 12.41 पर उसके पास ग्राम ढिकौली निवासी ज्ञानेन्द्र पुत्र कृष्णपाल का फोन आया। फोन पर उसके साथ गालियां देते हुये पैसे की मांग की गयी और जान से मारने की धमकी दी गयी। कृष्णपाल राणा ने बताया कि उसके पास बैठे नरेश पाल सिंह ने अपने फोन से फोन किया तो उसके साथ गालियों वाले लहजे में बात की गयी और रुपयों की मांग की गयी, जिसकी रिकॉर्डिंग भी है। बताया कि ज्ञानेन्द्र पहले भी मर्डर कर चुका है। बागपत के दोघट थाना पुलिस ने कृष्णपाल राणा की तहरीर पर ज्ञानेन्द्र के खिलाफ बीएनएस की धारा 308 (5) व 352 के तहत एफआईआर दर्ज की है।