
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। किसी भी सड़क दुर्घटना में घायल हुये व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचाने वाले नेक व्यक्तियों को पुरुस्कृत करने वाली राहवीर योजना के बारे में यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। इस योजना में गोल्डर हॉवर का उपयोग कर किसी व्यक्ति का जीवन बचाने वाले को पुरुस्कृत करने का प्रावधान किया गया है। इस योजना को पड़ौसी राज्य मध्य प्रदेश में गहनता से प्रभावी किया गया है।
यातायात माह नवम्बर को लेकर डीएम सत्य प्रकाश व एसपी मो.मुश्ताक के संयुक्त निर्देशन, एएसपी कालू सिंह व सीओ यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के निकट पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी द्वारा लगातार सघन चैकिंग अभियान, जागरूकता अभियान जैसे कार्य किये जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरूवार को शहर के विभिन्न चौराहों पर सघन चैकिंग अभियान के दौरान वाहन चालकों को राहवीर योजना के बारे में भी जानकारी दी गयी। यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी ने बताया कि राह-वीर योजना सड़क दुर्घटना के पीडि़तों को अस्पताल तक पहुंचाने वाले नेक व्यक्तियों को पुरस्कृत करने की एक योजना है। इस योजना के तहत दुर्घटना के शिकार व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। बताया कि इस योजना का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और दुर्घटनाओं के दौरान लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करना है। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए उसे गोल्डन आवर (दुर्घटना के बाद का शुरुआती महत्वपूर्ण समय) के भीतर अस्पताल पहुंचाना। कोई भी व्यक्ति जो सड़क दुर्घटना के शिकार व्यक्ति को तत्काल सहायता प्रदान करता है। राहवीर योजना की जानकारी देते हुये वाहन चालकों को जागरूक भी किया गया और वहीं बिगड़ैल वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही भी अमल में लायी गयी। इस दौरान टीएसआई अब्दुल नफीस, टीएसआई साकेब हाशिमी, यातायात हे.कां. वंश बहादुर सिंह के अलावा अन्य यातायात पुलिस कर्मी मौजूद रहे।