18 से 29 नवंबर तक चलेगा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम, पंचायतों में होगा शिविर का आयोजन
The Government at Your Doorstep programme will run from November 18 to 29, with camps being organised in

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लातेहार (झा०खं०)। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस (15 नवम्बर) एवं आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार (18 से 29 नवंबर) कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के संबंध में शनिवार को सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। राज्य स्थापना दिवस और आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम 18 से 29 नवंबर तक आयोजित करने का निर्णय सरकार द्वारा लिया गया है। राज्य स्तर से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिले में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 11 से 29 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।
मुख्य आयोजन कार्यक्रमों की रूपरेखा (11 से 29 नवम्बर 2025 तक)
11 नवम्बर, 2025 — “Run for Jharkhand” से शुभारंभ:–झारखंड स्थापना सप्ताह की शुरुआत “Run for Jharkhand” दौड़ से की जाएगी। यह दौड़ जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में आयोजित होगी। इसी दिन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जो सरकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुँचाएंगे।
12 नवम्बर, 2025 — “सुबह-ए-झारखंड” कार्यक्रम:
शहर के प्रमुख मार्गों पर पारंपरिक “Street Dance” का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकार अपनी लोकसंस्कृति और नृत्य परंपरा का प्रदर्शन करेंगे।
13 नवम्बर, 2025 – Know Your Tourist Place अभियान के तहत इस दिन Cycle Rally का आयोजन किया जायेगा, जिसमें जिले के युवा, स्वयंसेवी संगठन एवं छात्र प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे।
11 से 14 नवम्बर, 2025 — स्कूल और कॉलेजों में “Jharkhand@25” थीम पर चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ आयोजित की जायेंगी। 15 नवम्बर, 2025 – झारखंड स्थापना दिवस का मुख्य समारोह:–इस दिन भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें परिसंपत्ति वितरण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, वीर शहीदों का सम्मान और जनकल्याणकारी घोषणाएँ शामिल होंगी। 18 नवंबर 2025 से 29 नवंबर 2025 तक “आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवधि में पंचायत स्तर पर शिविर का आयोजन कर राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजनों को प्रदान किया जाना है। इस निमित्त उपायुक्त के द्वारा इन शिविरों में सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों तक पहुँचाने के लिए विशेष व्यवस्था करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर राज्य स्थापना दिवस एवं “आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार” कार्यक्रम की समुचित तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा के श्रेयांश, संबंधित पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।



