
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – संपूर्ण हापुड़ जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस अभियान में जिले के 1052 बीएलओ ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। यह सभी बीएलओ अपने अपने क्षेत्र में प्रत्येक घर-घर जाकर मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और संशोधन के लिए फॉर्म वितरित कर रहे हैं। यह कार्य 15 नवंबर तक पूरा किया जाना है ।
इसकी जांच के लिए हापुड के जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने रविवार को शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया । उन्होंने साथ में आईं एसडीएम इला प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में किए गए संशोधन और नए नाम जुड़ने की सूचना प्रत्येक मतदाता तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने बताया कि प्रत्येक बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र में तीन बार घर-घर जाकर संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। उन्होंने अधिकारियों से मतदाता सूची को अपडेट और त्रुटिरहित बनाने की जिम्मेदारी गंभीरता से लेने को कहा। जिले में मतदाता जागरूकता को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में भी टीम द्वारा सघन जांच और सत्यापन अभियान जारी रहेगा, ताकि कोई भी नागरिक अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।



