
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को थाना सीबीगंज क्षेत्र में अवैध कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। ग्राम जौहरपुर में नरेश यादव द्वारा करीब 10 बीघा क्षेत्रफल में बिना बीडीए की स्वीकृति के प्लॉटिंग, सड़क, नाली व बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था। बिना मानचित्र स्वीकृति हो रहे इस अवैध विकास कार्य के खिलाफ बीडीए ने नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण कराया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता गजेन्द्र पाल शर्मा, अवर अभियंता सुरेन्द्र द्विवेदी, संदीप कुमार तथा प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
बीडीए ने जनसाधारण को चेताया है कि प्लॉटिंग या भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना स्वीकृति निर्माण पूरी तरह अवैध है और ऐसे निर्माणों का ध्वस्तीकरण किया जा सकता है। भूखंड खरीदने से पहले खरीदारों को मानचित्र स्वीकृति की जानकारी अवश्य लेने की सलाह दी गई है, अन्यथा किसी भी कार्रवाई की जिम्मेदारी निर्माणकर्ताओं की होगी।


