रामपुर शाहबाद
जमीन विवाद में एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज
पांच अज्ञात सहित दस लोगों पर मारपीट का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। क्षेत्र के ग्राम मधुकर में जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर एक महिला और उसके परिवार पर हमला किया गया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर इस मामले में पांच अज्ञात सहित दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता नीलम पत्नी विनोद ने एसपी को बताया कि कुछ दिन पहले उनकी देवरानी तारावती से घर के बंटवारे को लेकर कहासुनी हुई थी। उनके पति विनोद ने उन्हें शांत कराया, लेकिन तारावती ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। नीलम के अनुसार, देवरानी तारावती ने रंजिश के चलते अपने पति होरीलाल को उकसाया। होरीलाल ने छह दिन पहले शाम को जुगेश, जमनाप्रसाद, उमाशंकर और पांच अज्ञात लोगों को अपने घर बुलाया। सभी ने देशी शराब पी। शराब पीने के बाद सभी आरोपी नीलम के घर में घुस गए। उनके हाथों में लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर थे। उन्होंने नीलम, उनके पति विनोद और बेटियों गायत्री, लक्ष्मी, कामिनी को घर में घेरकर बुरी तरह पीटा। इस दौरान उन्हें गंदी गंदी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट में परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं। नीलम के शोर मचाने पर गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। नीलम अपने पति के साथ चौकी ढकिया गईं, लेकिन वहां उनकी शिकायत पर जांच के नाम पर टालमटोल की गई। नीलम ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों से गई। नीलम ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों से मिलकर उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद नीलम ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी के आदेश पर अब कोतवाली शाहबाद में पांच अज्ञात सहित दस लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।


