गाजियाबाद
लोनी के अंकुर बिहार में बंद पड़ा सार्वजनिक शौचालय
वार्ड 33 में ताला बंद शौचालय से जनता परेशान, जिम्मेदारों की चुप्पी जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी, गाजियाबाद : स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाखों रुपये खर्च करके लोनी नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड 33 में बनाया गया सामुदायिक शौचालय इन दिनों बंद पड़ा है। जनता के लिए सुविधा बनने की बजाय यह शौचालय अब लंबे समय से ताले में जकड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
शौचालय का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग जनों को सुरक्षित और स्वच्छ सुविधा उपलब्ध कराना था, लेकिन फिलहाल लोग इसकी बदहाली को केवल दूर से ही देख पा रहे हैं। शौचालय के बाहर कूड़े के ढेर लगे होने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या और बढ़ गई है। नगर पालिका में सफाई का ठेका लेने वाली संस्था लायन ग्रुप के कर्मचारियों पर आरोप है कि वे शौचालय के पास ही कूड़ा डालकर स्थिति को और खराब कर रहे हैं।
स्थानीय लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं कि शौचालय आखिर बंद क्यों है, जबकि लाखों रुपये खर्च कर इसे जनता के लिए बनाया गया था। हालांकि नगर पालिका के अधिकारी इस मामले में कोई स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं।
वार्ड के सभासद रामनिवास त्रिपाठी और भाजपा जिलाध्यक्ष आरती मिश्रा ने जिला प्रशासन से शौचालय का ताला खुलवाकर जनसुविधा बहाल करने की मांग की है। वहीं आगाज सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष हेमा सिंह ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शौचालय को जल्द चालू कराने की मांग रखी है।



