जालौन
आईजी आकाश कुलहरि का जालौन दौरा
पुलिस कार्यालय के निरीक्षण में रिकॉर्ड खंगाले, खामियों पर जताई सख्ती
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि गुरुवार को दो दिवसीय भ्रमण पर जालौन पहुंचे। उनके अचानक आगमन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई। उरई स्थित पुलिस कार्यालय पहुंचकर आईजी ने विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों से कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान आईजी आकाश कुलहरि ने अभिलेखों और रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। इस दौरान कई दस्तावेजों में अनियमितताएं और अद्यतन न होने की स्थिति सामने आई, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। आईजी ने साफ शब्दों में कहा कि अभिलेखों का सुव्यवस्थित और नियमों के अनुरूप होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी रिकॉर्ड समय से अपडेट रखें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी कमियां पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके पश्चात आईजी ने नव-निर्मित पुलिस अधीक्षक कार्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। भवन की संरचना, स्वच्छता व्यवस्था और कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। आईजी ने जालौन के पुलिस अधीक्षक की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेहतर कार्यालयीन वातावरण पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाता है, जिससे आमजन को बेहतर पुलिस सेवा मिलती है।
निरीक्षण कार्यक्रम के बाद पुलिस कार्यालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें आईजी ने दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। फरियादियों द्वारा सौंपे गए प्रार्थना पत्रों पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
आईजी आकाश कुलहरि ने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उनके इस दौरे और सख्त रुख से पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


