पाकुड़

जिला कांग्रेस कमेटी ने धूमधाम से मनाई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती, दी श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर पाकुड़ जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘पंडित जवाहरलाल नेहरू अमर रहें’ के नारे लगाये, जिससे पार्टी कार्यालय परिसर गूंज उठा। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने देश के निर्माण और विकास में पंडित नेहरू के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों एवं आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आजाद भारत के निर्माण में पंडित जवाहरलाल नेहरू की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में देश ने विकास, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और औद्योगिक प्रगति के क्षेत्र में नई दिशा प्राप्त की। उन्होंने आधुनिक भारत की आधारभूत संस्थाओं के निर्माण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वक्ताओं ने कहा कि पंडित नेहरू के विचार, उनकी दूरदृष्टि और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका समर्पण आज भी देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके द्वारा स्थापित विकास की आधारशिला और संस्थागत विरासत को देशवासी आज भी संजोए हुए हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष असद हुसैन, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष शाहीन परवेज, प्रखण्ड अध्यक्ष मानसारुल हक, जाहिरुल इस्लाम , मिथुन मरांडी, रामविलास महतो, सेराजुद्दीन शेख, फरमान अली व सोशल मीडिया चैयरपर्सन पियारुल इस्लाम अन्य उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button