
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। चुनाव आयोग के एसआईआर ( स्पेशल इंटेसीव रिवीजन) को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी द्वारा किए गए विवादास्पद बयान की नावाडीह में भाजपा व आजसू ने निंदा की है। साथ ही मुख्यमंत्री से ऐसे बड़बोले मंत्री को हटाने की मांग की है।
भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी फूलचंद किस्कू ने कहा कि भारत का संविधान भारतीय नागरिकों को वोट देने का अधिकार देते है और घुसपैठियों के नाम काटने की इस कवायद से झारखंड के आदिवासियों-मूलवासियों को ,बिना किसी विदेशी हस्तक्षेप के अपने प्रतिनिधि चुनने में आसानी होगी। किस्कू ने कहा कि मंत्री द्वारा एसआईआर को आने वाले वाले बीएलओ को बंधक बनाने की बात कहना उनकी गलत मानसिकता व बौखलाहट का परिणाम है।
वहीं नावाडीह सांसद प्रतिनिधि आजसू नेता दीपू अग्रवाल ने कहा कि एसआईआर के माध्यम से वोटर लिस्ट का यह शुद्धिकरण, भारत के लोकतंत्र को सुदृढ़ एवम् सशक्त बनाने का काम करेगा। इसमें हर भारतीय की सक्रिय सहभागिता रहेगी। यह वक्त का तकाज़ा है कि झारखंडवासी एकजुट होकर एसआइआर की इस मुहिम को सफ़ल बनाए तथा ऐसी लोकतंत्र – विरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दे। अग्रवाल जी ने राज्यहित में ऐसे बड़बोले मंत्री को अविलंब बर्खास्त करने की मांग की है।
इसके अलावा भाजपा के गणेश यादव, दिनेश यादव, ख़ेमलाल महतो, कैलाश मंडल,दिनेश यादव , करण किस्कू, सुरेंद्र साव ने भी मंत्री के यह बयान पर आपत्ति प्रकट किया है।



