“मेरा गाँव मेरा देश एडवेंचर पार्क” पर नोबल पब्लिक स्कूल के छात्रों का भ्रमण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। नोबल पब्लिक स्कूल के जूनियर एवं सीनियर विंग के छात्रों द्वारा शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत हरियाणा स्थित “मेरा गाँव मेरा देश एडवेंचर पार्क” का भव्य शैक्षणिक दौरा आयोजित किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को ग्रामीण संस्कृति, पारंपरिक भारतीय मूल्यों और साहसिक गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रोचक एवं साहसिक खेलों में भाग लिया, जिनमें रोप क्लाइंबिंग, बैलेंसिंग एक्ट, टायर वॉक, टग ऑफ वॉर, फन एडेवेंचर जोन और टीम-बिल्डिंग गेम्स शामिल थे। छात्रों ने ग्रामीण जीवन की झलकियों जैसे मिट्टी के घर, पारंपरिक कृषि उपकरण, लोक संगीत एवं नृत्य को भी नज़दीक से देखा और भारतीय संस्कृति का अनुभव किया।
विद्यालय प्रधानाचार्य एवं डायरेक्टर डॉ मनोज त्यागी ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक दौरों का उद्देश्य छात्रों में आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक समझ को बढ़ाना है। बच्चों ने इस भ्रमण में अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया और नए अनुभवों को सीखते हुए पूरे दिन का भरपूर आनंद लिया। विद्यालय के एम डी अमित कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अनुभव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक होते हैं। भ्रमण में संबंधित विंग कोऑर्डिनेटर एवं अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा।



