खैरथल

स्टोन क्रशिंग इकाइयों को प्रदूषण नियंत्रण उपायों की प्रभावी पालना के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM), नई दिल्ली द्वारा जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय भिवाड़ी की ओर से स्टोन क्रशिंग इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ जागरूकता एवं परामर्श कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में स्टोन क्रशिंग इकाइयों के प्रतिनिधियों को CAQM के निर्देश संख्या 103 के प्रमुख प्रावधानों तथा 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित समय-सीमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा स्टोन क्रशिंग इकाइयों के लिए निर्धारित पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक सुधार एवं प्रदूषण नियंत्रण उपायों के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
अधिकारियों ने इकाई प्रतिनिधियों को निर्देशों के तहत वीडियो फेंसिंग, PM10 एवं PM2.5 के कम लागत वाले धूल सेंसर की स्थापना, बैग हाउस एवं साइक्लोन जैसी प्रभावी वायु प्रदूषण नियंत्रण प्रणालियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा नियमित जल छिड़काव, कन्वेयर एवं सामग्री परिवहन के दौरान उचित ढकाई, परिसर एवं आंतरिक सड़कों पर धूल नियंत्रण, ग्रीन बेल्ट विकसित करने तथा आवश्यक पौधारोपण सहित अन्य निर्धारित उपायों की प्रभावी पालना पर जोर दिया गया।
कार्यशाला के दौरान स्टोन क्रशिंग इकाई प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर अधिकारियों द्वारा चर्चा करते हुए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिनिधियों को स्पष्ट किया गया कि निर्धारित तकनीकी एवं आधारभूत सुविधाओं का उन्नयन करते हुए 31 अक्टूबर 2026 तक CAQM के निर्देश संख्या 103 की पूर्ण पालना सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
अधिकारियों ने इकाई संचालकों से पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन को प्राथमिकता देने तथा वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जिम्मेदार एवं सक्रिय दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में विभिन्न स्टोन क्रशिंग इकाइयों के प्रतिनिधि नितेश डाटा, धीरज जैन, सूरज भान सिंह, चंद्र प्रकाश जैन, सुब्बी खान, धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, सुरेन्द्र कुमार एवं प्रमोद भड़ाना सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button