मेरठ

इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में रूसी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

इंदरप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज और इंडो–रशियन कम्पैट्रियट्स सोसायटी ने मिलकर किया भव्य प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
साहिबाबाद। भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संबंधों को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से इंदरप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज, साहिबाबाद एवं इंडो–रशियन कम्पैट्रियट्स सोसायटी,रूस कल्चर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में ‘कॉन्फ्लुएंस’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज परिसर स्थित अटल सभागार में किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत आगमन के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें दोनों देशों की मित्रता और सांस्कृतिक सामंजस्य का अनोखा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान रूसी संगीतकार ज़हाना सेमेनोवा और कोरियोग्राफर मार्गो के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य और संगीत कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। भारतीय और रूसी संस्कृतियों के सुन्दर मिश्रण ने दर्शकों से भरपूर प्रशंसा प्राप्त की।
कॉलेज के वाइस-प्रेसिडेंट (इंटरनेशनल रिलेशंस) विभूति शंकर ने अपने स्वागत संबोधन में बताया कि इंदरप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज का रूस की छह प्रमुख विश्वविद्यालयों के साथ एमओयू (सहसमझौता ज्ञापन) है, जिसके अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, संस्कृति और शैक्षणिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सक्रिय सहयोग किया जा रहा है।
कॉलेज के वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल ने कहा कि संस्थान अब भारत और रूस के उद्योग जगत के बीच सार्थक संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंध भारतीय उद्योगों और व्यवसायों को रूसी बाजारों तक पहुँच बनाने में सहायता कर सकते हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि रूसी विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्रों को कॉलेज द्वारा पूर्ण मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इंडो–रशियन कम्पैट्रियट्स सोसायटी की चेयरपर्सन एलेना ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत और रूस की मजबूत मित्रता को आशा की नज़र से देख रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच वर्षों पुराना गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव है।
उन्होंने महान अभिनेता राज कपूर की फ़िल्मों के लोकप्रिय रूसी गीतों का उल्लेख करते हुए गायक अविनाश दवे द्वारा प्रस्तुत गीतों की विशेष सराहना की। एलेना ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देशों के बीच यह सांस्कृतिक और शैक्षणिक साझेदारी भविष्य में और अधिक मजबूत तथा फलदायी परिणाम लेकर आएगी।
रूसी प्रतिनिधिमंडल में अनास्तासिया इल्युशिना  युवा मामलों की मुख्य समन्वयक, रूसी सांस्कृतिक केंद्र (रशियन हाउस), नई दिल्ली,सेमेनोवा झ़ाना पेशेवर रूसी संगीतकार और शिक्षिका,नताल्या धवन, ओल्गा कोरोलेवा, अनास्तासिया माल्कोव्स्काया और एलेना शामिल रहीं।
वहीं इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, प्लेसमेंट डायरेक्टर आकांक्षा अग्रवाल, निदेशक डॉ. अनिल कुमार सोलंकी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. डॉ. मीनाक्षी शर्मा और विभूति शंकर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, शिक्षाविदों और संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और भारत–रूस संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने की इस पहल की सफलता की कामना की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button