गोड्डा
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में केंद्रीय विद्यालय का स्थापना दिवस धूमधाम से मना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) का स्थापना दिवस तथा विद्यालय का वार्षिकोत्सव संयुक्त रूप से अत्यंत हर्षोल्लास, अनुशासन एवं गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया। जहां विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें समूह नृत्य, लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, एकांकी तथा संगीत प्रस्तुतियां शामिल रहीं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यालय में शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर अतिथियों के कर-कमलों से पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं नवाचार के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एसपी मुकेश कुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को केवल अंकों के पीछे न भागकर ज्ञान, कौशल और चरित्र निर्माण पर ध्यान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना चाहिए, ताकि वे गोड्डा के साथ-साथ देश का नाम रोशन कर सकें। विशिष्ट एसडीओ वैद्यनाथ उरांव ने समानता और सामाजिक समरसता पर बल देते हुए कहा कि समाज में कोई भी वंचित नहीं है, सभी को समान अधिकार और अवसर प्राप्त हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी पढ़ाई और जीवनशैली में निरंतर सुधार लाने तथा कमजोर विद्यार्थियों की सहायता करने का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य रजनीश कमल ने सत्र 2025–26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में लगभग 750 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं तथा कक्षा I से XII तक शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सत्र 2024–25 में विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा। कक्षा X एवं XII दोनों में 100 प्रतिशत उत्तीर्णता दर्ज की गई। उन्होंने विद्यालय की विशेष उपलब्धि बताते हुए कहा कि पूर्व छात्र पिंकी प्रिया हेम्ब्रम ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर एमबीबीएस में चयन प्राप्त किया है, जो विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। प्राचार्य ने खेलकूद, विज्ञान प्रदर्शनी, कला उत्सव, स्काउट्स एवं गाइड्स, तथा निपुण भारत मिशन के अंतर्गत की गई गतिविधियों की भी जानकारी दी। रजनीश कमल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय कर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने शिक्षा को व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से जीवन में सही मूल्य और राष्ट्रभक्ति के संस्कार अपनाने का आह्वान किया। अंत में मैत्री वॉलीबॉल मैच शिक्षक एवं छात्रों के बीच खेला गया। कार्यक्रम में विजय पासवान, प्राचार्य CMSOE, गोड्डा (वीएमसी सदस्य), प्रीतम दत्ता (सीएस प्रतिनिधि), पिंकी सिंह, श्री डी.सी. झा पीजीटी फिजिक्स (शिक्षक प्रतिनिधि) सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक, विद्यार्थी मौजूद थे।




