उपायुक्त ने सदर प्रखंड व अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, दिया निर्देश
The Deputy Commissioner conducted a surprise inspection of the Sadar Block and Circle Office and gave instructions.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ के उपायुक्त मनीष कुमार ने सोमवार को सदर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दो सप्ताह पूर्व दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यालयी कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उपायुक्त ने कार्यालय में पंजियों के संधारण, निर्गत स्टॉक रजिस्टर, अभिलेखों के अद्यतन, कार्य आवंटन सहित विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं की बारीकी से जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि दैनिक कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की व्यावहारिक कठिनाई तो नहीं आ रही है। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सरकार की प्रमुख एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ आम जनता तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की निस्तारण प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निष्पादन किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रखंड एवं अंचल प्रशासन शासन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है, जिसे और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू, अंचलाधिकारी अरबिंद कुमार बेदिया समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



