हजारीबाग

हज़ारीबाग़ सदर विधायक प्रदीप प्रसाद द्वारा छड़वा डैम पेयजल स्टोर का औचक निरीक्षण।

जर्जर स्थिति पर जताई कड़ी नाराज़गी, विभाग को दिए त्वरित सुधार के निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

हज़ारीबाग़ सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने रविवार को छड़वा डैम परिसर स्थित मुख्य पेयजल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेयजल स्टोर की अत्यंत जर्जर और चिंताजनक स्थिति देखकर विधायक ने गहरी नाराज़गी व्यक्त की। निरीक्षण में पाया गया कि पेयजल स्टोर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सप्लाई किए जा रहे पानी में न तो ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है और न ही नियमित साफ़–सफ़ाई की कोई प्रभावी व्यवस्था है। पानी में काई जमा रहने की स्थिति जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। विधायक ने यह भी बताया कि पेयजल स्टोर के आसपास का क्षेत्र भी गंदगी और अव्यवस्था से भरा हुआ है, जो संबंधित विभाग की रख-रखाव और सफ़ाई कार्यों की घोर उपेक्षा का प्रमाण है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रदीप प्रसाद ने नगर निगम आयुक्त एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिया कि संपूर्ण पेयजल प्रणाली की सफ़ाई की जाए, ब्लीचिंग पाउडर का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, और शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की निर्बाध आपूर्ति हर हाल में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल अस्वीकार्य है। विधायक ने आश्वस्त किया कि वे इस विषय पर लगातार निगरानी रखेंगे और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई के लिए विभाग को अवगत कराते रहेंगे, ताकि हज़ारीबाग़ के प्रत्येक घर तक समय पर स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुँच सके।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button