खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हज़ारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं इसके विरुद्ध संचालित अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने नवंबर माह में जिला स्तर पर अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने जिले के विभिन्न चेक पोस्टों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें सतत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया। जिला खनन पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि नवंबर माह में अवैध खनन के विरुद्ध निम्न कार्रवाई की गई है। इस क्रम में दो वाहनों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा 12 स्टोन चिप्स लदे वाहनों को जब्त किया गया है। इसके अतिरिक्त 27 कोयला लदे वाहनों एवं बालू-पत्थर लदे 12 वाहनों की जांच की गई। अवैध खनन सामग्री के परिवहन में संलिप्त वाहन संचालकों से कुल 4.39 लाख रुपये की राशि वसूली गई है। वहीं परिवहन विभाग द्वारा परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में दो वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 67 हजार रुपये की वसूली की गई है। चार वाहनों पर तिरपाल नहीं रहने के कारण 6,39,500 रुपये तथा चार ओवरलोडेड वाहनों से कुल 1,97,650 रुपये का जुर्माना वसूला गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन के विरुद्ध नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए एवं दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिलेभर में जांच अभियान को और तेज करने का भी निर्देश दिया।




