गाजियाबाद
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंसा के विरोध में किया प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : विश्व हिन्दू परिषद–बजरंग दल ज़िला कार्यकर्ताओं ने सोमवार को लोनी तिराहे पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही कथित हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं पर आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन में श्री राजेश्वरी नन्द सरस्वती महाराज (अग्नि अखाड़ा), ज़िला मंत्री अजय, ज़िला उपाध्यक्ष धनलाल द्विवेदी, ज़िला धर्म प्रसार प्रमुख हरदीप सिंह सहित अमित, हरदीप, दीपक, राजेश, अंकित नागर, सोनू, रविन्द्र, मुकेश, अजीत, अभिषेक, विपिन तथा प्रखंड एवं खंड स्तर के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज़िला मंत्री अजय ने कहा कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद कथित रूप से जिहादी तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं और हिंदू समुदाय के साथ उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेमनसिंह जिले के भालुका क्षेत्र में एक हिंदू श्रमिक दीपू दास की ईशनिंदा के कथित आरोप में हत्या कर दी गई, जिसकी घटना से समाज में रोष है।
श्री राजेश्वरी नन्द सरस्वती महाराज ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और इसे रोकने में स्थानीय प्रशासन असफल रहा। वहीं ज़िला धर्म प्रसार प्रमुख हरदीप सिंह ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है और प्रशासनिक निष्क्रियता से हिंसक तत्वों को प्रोत्साहन मिल रहा है।
विहिप–बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मांग की कि ऐसी घटनाओं पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए।




