सिख मिशनरी कॉलेज द्वारा युवा प्रतिभाओं के करियर मार्गदर्शन एवं धार्मिक मूल्यों पर आधारित सेमिनार का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। सिख मिशनरी कॉलेज के तत्वावधान में आज अर्बन हाट, बरेली में 14 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की। विशेष रूप से बरेली जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
सेमिनार के मुख्य वक्ता सरदार गुरप्रीत सिंह कपूर तथा डॉ. सुखप्रीत सिंह उधोके रहे। डॉ. सुखप्रीत सिंह उधोके ने अपने उद्बोधन में मन (Mind) पर नियंत्रण प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया तथा इसे जीवन में सफलता एवं आध्यात्मिक उन्नति की कुंजी बताया। वहीं सरदार गुरप्रीत सिंह कपूर ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी स्लाइड्स) के माध्यम से युवाओं को सही करियर का चयन करने तथा उस पर दृढ़ता से आगे बढ़ने के विशेष एवं व्यावहारिक तरीके व तकनीकें विस्तार से समझाईं। दोनों वक्ताओं ने सिख धर्म के मूल सिद्धांतों एवं जीवन मूल्यों को करियर मार्गदर्शन के साथ जोड़कर गहन एवं प्रेरक विचार व्यक्त किए। इस आयोजन को सेंट्रल गुरुपर्व कमेटी का विशेष सहयोग एवं शुभकामनाएं प्राप्त हुईं। कमेटी के अध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह ओबेरॉय, महासचिव सरदार हरप्रीत सिंह खालसा तथा अन्य सम्मानित सदस्यों—सरदार मनमीत सिंह, सरदार परदमन सिंह, सरदार सुरेंद्र सिंह दुआ, सरदार हरप्रीत सिंह बिंद्रा, सरदार दलबीर सिंह एवं सरदार करनदीप सिंह—की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के सफल संचालन में बेदी स्कूल एवं सोबती स्कूल के पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा। विशेष योगदान के लिए सरदार परदमन सिंह, सरदार मनप्रीत सिंह, तनुप्रीत कौर, सरदार कवलदीप सिंह आदि को विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया। अंत में, उत्तर प्रदेश के जोनल इंचार्ज सरदार मनमीत सिंह ने सेंट्रल गुरुपर्व कमेटी के सभी अधिकारियों, मुख्य वक्ताओं तथा सहयोगियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर डॉ. सुखप्रीत सिंह उधोके तथा सरदार गुरप्रीत सिंह कपूर को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर विशेष सम्मान भी किया गया।
यह कार्यक्रम युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुआ तथा उन्हें अपने करियर एवं जीवन में सिख धर्म के सिद्धांतों को अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।


