
योग वेदान्त सेवा समिति के आयोजन में जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने संस्कार, गौ–संरक्षण और कुरीतियों के उन्मूलन पर रखे विचार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। एस.आर. एंजल प्ले वे स्कूल, गुलाब वाटिका कॉलोनी में योग वेदान्त सेवा समिति लोनी के तत्वावधान में तुलसी दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य व प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। वक्ताओं ने संस्कारों के संवर्द्धन, गौ–संरक्षण, सामाजिक कुरीतियों , बुराइयों और भारतीय संस्कृति के संरक्षण जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रमेन्द्र जांगड़ा ने कहा कि समाज को अपनी संस्कृति बचाने के लिए जागरूक होना होगा और बच्चों को संस्कार देना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “हिंदू की पहचान हिन्दुत्व से है, हमें अपनी जड़ों से जुड़ना होगा।” साथ ही उन्होंने तुलसी पूजा और सेवन के आध्यात्मिक व स्वास्थ्य लाभों का भी उल्लेख किया।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल चौधरी ने गौ–रक्षा के संदर्भ में चिंता जताते हुए कहा कि “केवल दूध देने के समय गाय की पूजा करना और बाकी समय उसे बेसहारा छोड़ देना समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। इस दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे।”
भाजपा नेता ईश्वर मावी ने समाज में बढ़ रही कुरीतियों और बुराइयों को चिंताजनक बताते हुए सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं भाजपा सभासद रामनिवास त्रिपाठी ने क्षेत्र में बढ़ते अपराध और अवैध कब्जों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोनी के नेतृत्व की जिम्मेदारी है कि ऐसे तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई कर क्षेत्र को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण प्रदान किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके योगदान को याद किया गया। उपस्थित जनों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे कार्यक्रम समाज को एकजुट करने और सनातन संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।”
कार्यक्रम के समापन पर योग वेदान्त सेवा समिति लोनी की ओर से सभी अतिथियों का आभार जताया गया और समाज, संस्कार, सेवा, गौ–रक्षा तथा सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संचालन गौरी शंकर पाण्डेय ने किया। ओमबीर भारद्वाज, राजकुमार धामा, अतुल शर्मा, अनिल प्रजापति, सलीम पहलवान, अभिषेक उपाध्याय, धर्मेंद्र त्यागी, राजू भारद्वाज और पंडित सचिन शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी तुलसी दिवस पर अपने विचार साझा किए।




