बरेली
बरेली में अटल जन्म शताब्दी पर जलशक्ति मंत्री ने गिनाईं अटल युग की उपलब्धियां

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। अर्बन हॉट सोमवार को पूरी तरह अटलमय नजर आया। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में अटल जी के विचार, विकास और दूरदर्शिता पर जमकर चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की। मंच से अटल युग की उपलब्धियां गिनाई गईं और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दो टूक कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को सिर्फ सरकार नहीं दी, बल्कि मजबूत सोच और स्पष्ट दिशा दी। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अटल जी की दूरदर्शिता ने गांवों को शहरों से जोड़ा। सड़क पहुंची तो विकास अपने आप गांवों तक पहुंच गया और ग्रामीण भारत की तस्वीर बदल गई। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आज जिस मोबाइल और इंटरनेट क्रांति पर देश गर्व करता है, उसकी नींव अटल जी के कार्यकाल में ही रखी गई थी। दूरसंचार क्रांति ने गांव के अंतिम व्यक्ति को भी देश-दुनिया से जोड़ दिया। यही कारण है कि अटल जी का कार्यकाल आज भी स्वर्णिम युग के रूप में याद किया जाता है।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस सांसद द्वारा संविधान को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा भाजपा विरोधी रही है। जिन लोगों ने देश के लिए बलिदान दिया, उनके लिए कांग्रेस ने कभी कुछ नहीं किया। कांग्रेस केवल एक खानदान तक सीमित रही है, यह वंशवादी पार्टी है। बरेली में हाल के दिनों में हुई घटनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून से कोई ऊपर नहीं है। चाहे दंगा हो या कोई और अपराध, कानून अपना काम करेगा। सरकार सभी धर्मों और त्योहारों की बराबर चिंता करती है और सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है। भेदभाव की राजनीति समाजवादी पार्टी और कांग्रेस करती हैं, भाजपा नहीं।



