शामली
दो वाहन चोर 22 बाइकों, फर्जी नम्बर प्लेटों व उपकरणों के साथ गिरफ्तार
पकड़े गए वाहन चोर अलग- अलग राज्यों से चुराते थे बाइकें, पूर्व में कई थानों में उनके खिलाफ है आपराधिक मुकदमे दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैराना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 22 मोटरसाइकिलें, आठ फर्जी नंबर प्लेट और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देश पर चल रहे संदिग्ध वाहन व व्यक्ति चेकिंग अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में कैराना पुलिस लगातार वाहन चोरी के मामलों के खुलासे में जुटी थी। इसी क्रम में सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिलों को ग्राम भूरा की ओर जाने वाले रजवाहे की पटरी के पास स्थित एक बंद पड़ी पटाखा फैक्ट्री में छिपाकर रखा जाता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके से भारी मात्रा में चोरी की बाइकें, फर्जी नंबर प्लेटें और वाहन पार्ट्स बरामद किए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी शातिर किस्म के वाहन चोर हैं, जो अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनके नंबर बदल देते थे और बाद में बेचने की योजना बनाते थे। बरामद वाहनों में से तीन मोटरसाइकिलों के संबंध में थाना कैराना में पहले से मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शेष वाहनों के स्वामियों और संबंधित थाना क्षेत्रों की जानकारी जुटाई जा रही है।कोतवाली कैराना पर आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक शामली ने बताया कि पकड़े गए दोनों वाहन चोरों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही चोरी की बाइकों को मॉडिफाई करने वाले मिस्त्री से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम रिजवान अंसारी उर्फ भूरा पुत्र दिलशाद निवासी गांव टांडा, जनपद बागपत (मूल निवासी मोहल्ला कोठला, झिंझाना) तथा मोहम्मद शकील पुत्र मोहम्मद अली निवासी गांव टांडा, जिला बागपत बताए। पुलिस के अनुसार रिजवान पर 9 और शकील पर 5 आपराधिक मुकदमे जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


