बाराबंकी
समायोजन आदेश को लेकर यूटा का ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी : यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन बाराबंकी के जिला अध्यक्ष डॉ आशुतोष कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर समायोजन स्थानांतरण आदेश निर्गत करने की मांग की है। जनपद बाराबंकी में विभागीय निर्देशों के क्रम में 31 दिसंबर 2025 में जनपद के सैकड़ो शिक्षकों को स्थानांतरित/ समायोजित करते हुए एकल एवं बंद विद्यालयों में भेजा गया है। ऐसे शिक्षकों को यू डायस / मानव संपदा पोर्टल पर 31 दिसंबर 2025 को कार्यमुक्त कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार विद्यालय में सबसे कनिष्ठ शिक्षक को स्थानांतरित किया गया है किंतु कतिपय शिक्षकों द्वारा विद्यालयों में कनिष्ठ न होने के बावजूद उनके स्थानांतरित किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
ऐसी स्थिति में एक सप्ताह बाद भी समायोजन आदेश निर्गत न होने से शिक्षकों में असमंजस या किसी तरह की गड़बड़ी होने की आशंका बनी हुई है। जिलाध्यक्ष द्वारा अवगत कराता गया कि प्रदेश के कई जनपदों में उक्त आदेश निर्गत किया जा चुके हैं। इस अवसर पर जिला महामंत्री सत्येंद्र भास्कर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ.हरेराम, कोषाध्यक्ष पूर्णेश प्रताप सिंह, विकास वर्मा, दिलीप वर्मा, आशुतोष बैसवार सहित आदि कई शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।



