
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो l
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी क्षेत्र में मानवता और आपसी भाईचारे की एक अनुकरणीय मिसाल उस समय देखने को मिली, जब अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ की हिंदू-मुस्लिम संयुक्त टीम ने एक बेसहारा गौ वंश का विधि-विधान से अंतिम संस्कार कराया।
मामला लोनी की दीप सिटी कॉलोनी का है, जहां कॉलोनीवासियों ने एक गाय के बछड़े को मृत अवस्था में देखा। इसकी सूचना अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ के उपाध्यक्ष इजरायल (इसराइल) को दी गई। सूचना मिलते ही संगठन के पदाधिकारी सक्रिय हुए और उन्होंने संबंधित चौकी प्रभारी को पूरे मामले से अवगत कराया।
सूचना पर पुलिस प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कॉलोनीवासियों के सहयोग से अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ की टीम—परवेज़ चौधरी, इजरायल मोहम्मद, इमरान, रजनीश कुमार, शौकत सहित अन्य सदस्यों—ने मिलकर मृत बछड़े का अंतिम संस्कार कराया।
इस दौरान हिंदू व मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर सहभागिता निभाई, जिससे क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सौहार्द और इंसानियत का सशक्त संदेश गया।
स्थानीय लोगों ने अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ एवं पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक वातावरण बनाते हैं और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करते हैं।



