गाजियाबाद
लोनी नगरपालिका की उदासीनता से वार्ड 12 के लोग परेशान
चार माह बाद भी इंटरलॉकिंग टाइल का काम शुरू नहीं, सड़क-नाली निर्माण अधर में
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो l
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगरपालिका परिषद के वार्ड संख्या 12 स्थित बैंक बिहार कॉलोनी, त्यागी मार्केट के निकट बिजेंद्र के मकान से सोनू के मकान तक इंटरलॉकिंग टाइल बिछाने के कार्य की नाप-तौल हुए चार माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक गली में निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद ठेकेदार कार्य शुरू करने के बजाय टालमटोल कर रहा है और पालिका में अपनी शिकायत करने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहा है।
इसी गली के सामने लगभग 60 से 65 मीटर सड़क और नाली निर्माण कार्य भी अधर में लटका पड़ा हुआ है। अधूरी पड़ी सड़क पर सीवर लाइनों के ऊपर मिट्टी डालकर भराव कर दिया गया है, जिससे सीवर के ढक्कन दब गए हैं और भविष्य में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। वहीं नालियों का निर्माण सड़क की सतह से ऊंचा कर दिया गया है, जिससे कॉलोनीवासियों के मकान नीचे पड़ रहे हैं और जलभराव की समस्या बढ़ने की संभावना है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर अधिशासी अधिकारी से भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। इससे कॉलोनीवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है और लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में दिए गए शिकायती पत्र पर रोहित, विनोद कुमार और रधुबीर रावत के हस्ताक्षर हैं। कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्यवाही करते हुए जल्द से जल्द इंटरलॉकिंग टाइल, सड़क और नाली निर्माण का कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके ।



