गाजियाबाद

लोनी में सर्दी का सितम जारी, ठिठुरन और कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के असर से लोनी तहसील क्षेत्र में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते कई दिनों से कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और शीतलहर लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह से प्रभावित कर रही है। सुबह और देर रात ठंड सबसे ज्यादा सताने लगी है, जिससे आम नागरिकों का जनजीवन बेहाल नजर आ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार लोनी में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान 12 डिग्री के आसपास बना हुआ है। तापमान में लगातार गिरावट के चलते ठंड का असर पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम हो जा रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है।
शीतलहर के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बाजारों में सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहता है, जबकि शाम होते-होते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आते हैं। ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया जा रहा है, लेकिन गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए सर्दी परेशानी का सबब बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते अभी कुछ दिन और सर्दी से राहत मिलने की संभावना बहुत कम है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। चिकित्सक विनीत तोमर ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन की ओर से ठंड को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, लोग भी गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने और कोहरे में वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button