उपायुक्त ने की राजस्व विभाग की समीक्षात्मक बैठक
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में राजस्व विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पीजी पोर्टल भू-मापी, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, सो-मोटो म्यूटेशन, ई-रिवेन्यू कोर्ट, आरसीएमएस ऑनलाइन रिपोर्ट, ऑनलाइन लगान वाद, परिशोधन पोर्टल एवं जमाबंदी रद्दीकरण से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जनता दरबार में प्राप्त भू-अर्जन से संबंधित आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने तथा ई-रिवेन्यू कोर्ट में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में आए मामलों का जांचोपरांत निष्पादन करने और साथ ही पीजी पोर्टल पर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष बल दिया। भू-मापी से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने 90 दिनों से अधिक लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों का ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जनता दरबार में प्राप्त राजस्व एवं भू-अर्जन से संबंधित शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रकार के म्यूटेशन मामलों में प्रगति बढ़ाने, परिशोधन मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा ई-रिवेन्यू कोर्ट में दायर एवं निष्पादित वादों की समीक्षा कर लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंचल कार्यालय में आने वाले भूमि विवादों का निष्पादन संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर सुनिश्चित करें। साथ ही सड़क किनारे अवस्थित सूखे पेड़ों की कटाई हेतु सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सदर एवं बरही अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सो-मोटो म्यूटेशन, परिशोधन पोर्टल एवं म्यूटेशन मामलों की साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। बैठक में उपायुक्त के अलावे अपर समाहर्ता, भू-अर्जन पदाधिकारी, बरही अनुमंडल पदाधिकारी, सदर एवं बरही डीसीएलआर, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



