शामली
कब्रिस्तान की भूमि कराई कब्जा मुक्त, अवैध कब्जेदारों में हड़कंप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के सलेमपुर मार्ग पर स्थित कब्रिस्तान की भूमि खसरा संख्या 618 पर लंबे समय से किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने सख्ती से हटवा दिया। इस कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया, वहीं कस्बेवासियों ने प्रशासनिक कदम की सराहना की है।
कब्रिस्तान की भूमि पर कस्बे के ही अबरार आदि ने पिछले चालीस साल से अवैध रूप से कब्जा कर रखा गया था। इस संबंध में मुकरिम पुत्र याकुब ने जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं उपजिलाधिकारी निधि भारद्वाज को लिखित शिकायत कर कब्रिस्तान की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। शुक्रवार को एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम, कानूनगो धर्मवीर सिंह एवं लेखपाल मिंटू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की विधिवत पैमाइश कराई और कब्जे की पुष्टि होने पर तत्काल प्रभाव से अवैध कब्जा हटवाते हुए कब्रिस्तान की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


