शामली
आधा दर्जन से अधिक ट्यूबवेलों से लाखों की चोरी
चोर रातों-रात उखाड़ ले गए कीमती उपकरण, किसानों में आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के सलेमपुर रोड पर चोरों ने किसानों की मेहनत पर करारा वार करते हुए आधा दर्जन से अधिक ट्यूबवेलों को निशाना बनाया और लाखों रुपये कीमत के उपकरण चोरी कर ले गए। इस वारदात से क्षेत्र के किसानों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित किसानों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी किसान शाहरुख, अजय, यामीन, कलीम, मेहरबान, इस्लाम, शरीफ और साधु के खेत सलेमपुर रोड पर स्थित हैं। गुरुवार की शाम किसान अपने-अपने खेतों पर कामकाज निपटाकर घर लौट गए थे। इसी का फायदा उठाते हुए रात्रि में अज्ञात चोरों ने खेतों में लगी ट्यूबवेलों पर धावा बोल दिया और मोटर, केबिल, स्टार्टर समेत अन्य कीमती उपकरण चोरी कर लिए।शुक्रवार की सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो ट्यूबवेलों से उपकरण गायब देख उनके होश उड़ गए। किसानों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित किसानों का कहना है कि ट्यूबवेलों से चोरी किए गए उपकरणों की कीमत लाखों रुपये में है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित किसानों की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

