
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। चौकी प्रभारी संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पेट्रोल पंपों, बैंकों और मुख्य बाजारों में सघन जांच की। अचानक शुरू हुए इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और लोग यातायात नियमों के प्रति सतर्क नजर आए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना था। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना वैध कागजात और नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए।
चौकी प्रभारी संदीप कुमार यादव ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को मौके पर ही चेतावनी देते हुए कहा कि हेलमेट न पहनना सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि अपनी जान को खतरे में डालना है। हेलमेट सुरक्षा के लिए है, इसे बोझ समझने की भूल न करें।
पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालकों को भी सख्त निर्देश दिए कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। निर्देशों के बाद कई पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहुंचे चालकों को पेट्रोल देने से इनकार कर दिया गया।
चौकी प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतें दोपहिया वाहन चालकों की होती हैं, जिनमें अधिकांश मामलों में हेलमेट न पहनना प्रमुख कारण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है।
चौसाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं नियमों का पालन करने वालों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया जाएगा।


