बालाघाट
वीर की वीरगाथा को भावपूर्ण नमन
जयंती पर नवेगांव थाना परिसर में अमर शहीद आशीष शर्मा के नाम पार्क का लोकार्पण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : अमर शहीद निरीक्षक आशीष शर्मा की प्रथम जयंती के अवसर पर 21 फरवरी 2026 को ग्रामीण थाना नवेगांव परिसर में उनके नाम से निर्मित अमर शहीद आशीष शर्मा पार्क का विधिवत उद्घाटन एवं प्रतिमा अनावरण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रतिमा पर पुष्पमालाएं अर्पित कर किया गया। उपस्थित अधिकारियों और नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण किया।
वीरता और नेतृत्व की मिसाल आशीष शर्माः मयंक तिवारी
इस अवसर पर बालाघाट नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी ने बताया कि निरीक्षक आशीष शर्मा ने अपने सेवाकाल में अनेक महत्वपूर्ण अभियानों का नेतृत्व किया। ग्राम हर्राटोला 18 दिसंबर 2022, ग्राम कदला 22 अप्रैल 2023 एवं ग्राम रौदा 19 फरवरी 2025 में हुई प्रमुख मुठभेड़ों में उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए 14 लाख, 28 लाख एवं 62 लाख के कुल इनामी हार्डकोर नक्सलियों के खिलाफ सफल कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी वीरता और उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक, मुख्यमंत्री द्वारा वीरता सम्मान तथा क्रम पूर्व पदोन्नति से अलंकृत किया गया। उनका जीवन और बलिदान पुलिस बल के लिए प्रेरणा स्रोत बना हुआ है।
नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा स्मृति उद्यान
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से जोड़ने का माध्यम है। अमर शहीद आशीष शर्मा पार्क का निर्माण इसी उद्देश्य से किया गया है ताकि नागरिक यहां आकर समय व्यतीत करें और शहीद के योगदान को नमन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में जिले के अन्य स्थानों पर भी शहीद पुलिसकर्मियों की प्रतिमाएं स्थापित कर उन्हें स्थायी सम्मान दिया जाएगा।
नवेगांव थाना प्रभारी अमित अग्रवाल की सराहनीय पहल
ग्रामीण थाना नवेगांव के थाना प्रभारी अमित अग्रवाल की स्वप्रेरणा और कड़ी मेहनत से इस प्रेरणादायी शहीद पार्क का विकास संभव हो सका। पूरे परिसर को आकर्षक एवं व्यवस्थित रूप दिया गया है, जो शहीद की स्मृति को जीवंत बनाए रखेगा। पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी और उनकी टीम के इस अनुकरणीय कार्य की सराहना की। इसे पुलिस परिवार के मनोबल को सुदृढ़ करने वाली पहल बताया गया। जवान अधिकारियों और जवानों ने लिया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प शनिवार 21 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने संकल्प लिया कि वे शहीद निरीक्षकआशीष शर्मा के आदशों का अनुसरण करते हुए पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। अमर शहीद आशीष शर्मा पार्क उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक बनकर सदैव समाज और पुलिस बल को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में आदित्य मिश्रा पुलिस अधीक्षक बालाघाट, हॉक फोर्स के अधिकारी, पुलिस बल के जवान, मीडिया प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




