गोड्डा
पथरगामा में एसआईआर के तहत नो मैपिंग को लेकर जनसुनवाई
दस्तावेजों के सत्यापन एवं सुधार पर दिया गया जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। पथरगामा प्रखंड अंतर्गत सोनारचक एवं पड़वा पंचायत में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत नो मैपिंग से संबंधित मामलों को लेकर जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य नो मैपिंग से जुड़े मामलों का स्थल पर सत्यापन कर पात्र लोगों का निष्पादन करना तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों का मिलान कर त्रुटियों का समाधान करना था। सोनारचक पंचायत सचिवालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी निशा तिर्की ने किया। इस दौरान पंचायत क्षेत्र के वैसे लोगों से संबंधित मामलों की जांच की गई, जिनकी मैपिंग निर्धारित प्रक्रिया के तहत नहीं हो सकी थी। अधिकारियों एवं कर्मियों ने संबंधित लोगों से आवश्यक जानकारी और दस्तावेज प्राप्त कर अभिलेखों से उनका मिलान किया। साथ ही नाम, पता एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जांच करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की गई।
जनसुनवाई के दौरान लोगों को एसआईआर के तहत नो मैपिंग से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों की मैपिंग किसी कारणवश नहीं हो पाई है, उनके मामलों की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है, ताकि योग्य लोगों का रिकॉर्ड सही तरीके से अपडेट किया जा सके। इसके लिए संबंधित लोगों की आपत्तियों एवं दावों को भी सुना गया और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई। कर्मियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों का विवरण दर्ज किया।जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपने-अपने मामलों की जानकारी दी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। निशा तिर्की ने कहा कि एसआईआर के तहत नो मैपिंग से जुड़े सभी मामलों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सत्यापन कर नियमानुसार निष्पादन किया जा रहा है, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम या विवरण प्रक्रिया में छूटने न पाए। पड़वा पंचायत में भी इसी क्रम में संबंधित लोगों के मामलों की सुनवाई कर आवश्यक जांच एवं सत्यापन की कार्रवाई की गई। मौके पर मुखिया कर्ण कुमार सिंह, पंचायत सचिव सुधा पंडित सहित अंचल कर्मी एवं बीएलओ मौजूद थे।



