कैराना

मामूली बारिश में जलमग्न हुआ कैराना का मोहल्ला गुलशन नगर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। मामूली बारिश के बाद ही कैराना नगर की गुलशन नगर कॉलोनी एक बार फिर जलभराव की गंभीर समस्या से जूझती नजर आई। बारिश का पानी सड़क पर पानी भर गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कॉलोनी की गलियों में पानी भरने से पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहन भी नहीं चल पा रहे हैं।
कस्बे की गुलशन नगर कालोनी मामूली बारिश के चलते सड़क पर पानी भर गया।जलभराव के कारण कॉलोनी के दर्जनों छोटे बच्चों को स्कूल जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गंदे पानी से होकर गुजरने में असमर्थ होने के कारण आज कई बच्चे स्कूल नहीं जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार बारिश में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। इसी बीच शुक्रवार को पवित्र जुम्मे का दिन होने के कारण लोगों को नमाज अदा करने के लिए भी इसी गंदे और बदबूदार पानी से होकर मस्जिद तक जाना पड़ा। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ी। कॉलोनी में 400 से अधिक मकान स्थित हैं।जलभराव के चलते कई मकानों के आसपास भी पानी भर गया है, जिससे मकानों की नींव कमजोर होने और उनके गिरने का अंदेशा बना हुआ है। लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार जलभराव का मुख्य कारण कॉलोनी में सीवरेज व्यवस्था का न होना है। पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी कई दिनों तक भरा रहता है और धूप निकलने के बाद ही धीरे-धीरे सूख पाता है। इससे मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों में नगर पालिका की उदासीनता को लेकर रोष व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि गुलशन नगर कॉलोनी में जल्द से जल्द सीवरेज और जल निकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि हर बारिश में होने वाली इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button