अंकित बालियान हत्याकांड: दो शूटरों की पेशी, पीसी रिमांड पर बहस नहीं
बुलेटप्रूफ जैकेट और बेड़ियां पहनाकर कड़ी सुरक्षा में तिहाड़ जेल से लाए गए, 20 नवंबर को अगली सुनवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में साजिश के आरोपी योगेश उर्फ टुंडा और दीपक उर्फ डबास उर्फ तीतर को तिहाड़ जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच कैराना स्थित कोर्ट में पेश किया गया। दोनों को हाथों में हथकड़ी, पैरों में बेड़ियां और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर लाया गया। शामली पुलिस की ओर से दोनों के पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसी रिमांड) के लिए आवेदन किया गया, लेकिन समयाभाव के चलते अधिवक्ताओं की बहस नहीं हो सकी। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 20 नवंबर की तारीख निर्धारित की है।
सोमवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर योगेश उर्फ टुंडा और दीपक उर्फ डबास उर्फ तीतर को कैराना स्थित सिविल जज सीनियर डिवीजन/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेशी पर लाया गया। दोनों हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में साजिश रचने के आरोप में आरोपी हैं। इससे पूर्व उनकी पेशी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में होती रही है। बताया गया कि मामले की फाइल दूसरे न्यायालय में स्थानांतरित की गई है। अदालत में पेशी के बाद दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच पुन: जेल के लिए रवाना कर दिया गया। सुनवाई के लिए अगली तिथि 20 नवंबर लगी है। उधर, करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू की ओर से शामली पुलिस के पीसी रिमांड आवेदन के संबंध में रिवीजन दाखिल किया गया है, जिस पर 19 नवंबर को सुनवाई होनी है। तीसरे आरोपी दिनेश करालिया की सोमवार को पेशी नहीं हो सकी। योगेश उर्फ टुंडा और दीपक उर्फ डबास उर्फ तीतर के अधिवक्ता आशीष तिवारी ने बताया कि अंकित बालियान हत्याकांड में विवेचक की ओर से पीसी रिमांड मांगा गया है। राकेश पंपू की ओर से भी न्यायालय में रिवीजन दाखिल किया गया है। इस पर अदालत का निर्णय आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि दोनों आरोपियों को पीसी रिमांड मिलता है या जेसी रिमांड। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को सुरक्षा कारणों के चलते तिहाड़ जेल प्रशासन ने दोनों को कैराना पेशी पर नहीं भेजा था। इसके बाद पटियाला हाउस कोर्ट ने बुलेटप्रूफ जैकेट, हथकड़ी और बेड़ियों के साथ कड़ी सुरक्षा में पेश करने के आदेश दिए थे। अधिवक्ता ने साजिश के आरोपों को लेकर कहा कि अभी तक विवेचक की ओर से कोई ठोस साक्ष्य अदालत के सामने प्रस्तुत नहीं किया गया है। वहीं, पेशी के दौरान सीओ हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट रहे।


