बरेली

बोर्ड परीक्षा के लिए आए प्रश्नपत्रों की सीसीटीवी से 24 घंटे होगी निगरानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश  हाईस्कूल और इंटर बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक होंगी। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर एसटीएफ की मदद ली जाएगी। प्रश्नपत्र स्ट्रांग रूम, डबल लॉक अलमारी में रखे जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों की जरिये 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इस संबंध में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
कड़ी सुरक्षा में केंद्रों पर परीक्षा होगी। निर्देशों में कहा गया है कि परीक्षाओं की शुचिता, गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आशंका जताई है कि परीक्षा के दौरान कुछ परीक्षार्थी और उनके समर्थक अनुचित साधनों का प्रयोग, केंद्रों पर हंगामा, धमकी या हिंसा जैसी घटनाएं कर सकते हैं। इसे देखते हुए पुलिस- प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने और परीक्षा केंद्रों के एक किलोमीटर के भीतर फोटो कॉपी व स्कैनर संचालन पर रोक लगाने को कहा गया है। नकल, प्रश्नपत्र लीक में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक जनपद को जोन और सेक्टर में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाएगी। प्रश्नपत्रों और उत्तरपुस्तिकाओं का परिवहन और भंडारण पुलिस अभिरक्षा में होगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button