
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत शनिवार को तहसील महरौनी और पाली में स्पेशल पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। महरौनी तहसील में डीएम सत्य प्रकाश और एसपी संजीव कुमार बाजपेई ने महिला फरियादियों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। वहीं, तहसील पाली में एएसपी कालू सिंह ने महिलाओं की शिकायतें सुनकर उनके प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पीडि़त महिलाओं को प्रभावी सहायता मिल सके। इस दौरान मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने को प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए जागरूकता कार्यक्रमों के साथ आवश्यक कार्रवाई लगातार की जा रही है।



