हजारीबाग सांसद के डेढ़ वर्षों का संघर्ष लाया रंग, हजारीबाग को मिलेगी बड़ी राहत।
चौपारण फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पुनः हुआ प्रारंभ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग विकास की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सफलता सामने आई है। जीटी रोड (एनएच-2) पर चौपारण से गोरहर तक सिक्स लेन निर्माण के अंतर्गत वर्षों से लंबित चौपारण-बरकट्ठा फ्लाईओवर का कार्य अब आधिकारिक रूप से दोबारा शुरू हो गया है। विगत 12 वर्षों से यह परियोजना अधर में लटकी हुई थी। जिसके कारण स्थानीय निवासियों को बदहाल सड़कों, उड़ती धूल, जलभराव और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय स्तर पर शिकायतों के बावजूद कोई ठोस समाधान न निकलता देख इस गंभीर विषय को पिछले करीब डेढ़ वर्ष से हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने निरंतर प्रयासों के माध्यम से केंद्रीय स्तर पर उठाया गया।
सांसद मनीष जायसवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी तथा एनएचएआई के उच्चाधिकारियों के समक्ष वस्तुस्थिति और इस गंभीर समस्याओं को मजबूती से रखा जिसके बाद बाद मंत्रालय ने इस पर संज्ञान लिया।परिणामस्वरूप,अब फ्लाईओवर के निर्माण ने गति पकड़ ली है और शेष लंबित कार्यों को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
इस फ्लाईओवर के पूर्ण होने से क्षेत्र के लाखों लोगों को न केवल सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी,बल्कि वर्षों से जारी जलजमाव और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं से भी स्थाई मुक्ति मिलेगी। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि विकास के संकल्प के साथ क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए उनका ऐसा प्रयास निरंतर जारी रहेगा ।



