कैराना

तित्तरवाड़ा फायरिंग मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। ग्राम तित्तरवाड़ा में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को कैराना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को सरवर उर्फ कल्लू पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम तित्तरवाड़ा अपने साथी मनव्वर व भाई नदीम के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही मोटरसाइकिल सवार सावेज पुत्र इरफान, सूफियान पुत्र शाहिद व उनके एक अन्य साथी की बाइक कार से टकरा गई। टक्कर को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी सावेज ने सरवर पर फायरिंग कर दी थी। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना कैराना में मुकदमा संख्या 822/25 धारा 109(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी सूफियान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। इसी बीच 5 जनवरी को फरार आरोपियों ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सरवर के घर के बाहर फायरिंग की, जिससे गांव में दहशत फैल गई। इस मामले में भी थाना कैराना में मुकदमा संख्या 18/26 धारा 109(1), 190, 191(2), 351(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
शनिवार को कैराना पुलिस ने ग्राम तित्तरवाड़ा में दबिश देकर वांछित आरोपी आवेश उर्फ बिल्ली पुत्र तासिम निवासी ग्राम तित्तरवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा व एक जिंदा कारतूस (315 बोर) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button